ढांड। ढांड के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के गंदे पानी की प्रस्तावित निकासी चंदलाना में करने के विरोध में ग्रामीणों का सांकेतिक धरना सातवें दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों ने जन स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी भी सूरत में दूसरे गांव का गंदा पानी चंदलाना में डालने नहीं दिया जाएगा।
धरने पर बैठे ग्रामीणों ने बताया कि हलका विधायक सतपाल जांबा को गांव में बुलाने के लिए जल्द निमंत्रण दिया जाएगा। विधायक के सामने ग्रामीण सीवरेज के पानी की निकासी से जुड़ी पूरी समस्या रखेंगे और इसके स्थायी समाधान की मांग करेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि जन स्वास्थ्य विभाग की चंदलाना में सीवरेज का गंदा पानी डालने की मंशा पूरी नहीं होने दी जाएगी। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक उनकी मांग का समाधान नहीं होता, विरोध जारी रहेगा।
धरनास्थल पर पहुंचे भारतीय किसान संघ के प्रदेश प्रवक्ता रणदीप आर्य ने कार्यकर्ताओं सहित ग्रामीणों को अपना समर्थन दिया। आर्य ने कहा कि अधिकारी जनता के खून-पसीने की कमाई को मिट्टी में मिलाने पर लगे हुए हैं। जिस प्रोजेक्ट पर सरकारी पैसा खर्च किया जा रहा है, उसकी पूरी जानकारी जनता के सामने पारदर्शी तरीके से रखी जानी चाहिए।
इंजीनियरों की रिपोर्ट को दरकिनार कर मनमानी का आरोप
रणदीप आर्य ने कहा कि किसी भी बड़े प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने से पहले इंजीनियरों की टीम की ओर से मौके का सर्वे किया जाता है। जमीनी स्थिति का अध्ययन करने के बाद इंजीनियर अपनी रिपोर्ट तैयार करते हैं और उसी के आधार पर प्रोजेक्ट को मंजूरी दी जाती है लेकिन चंदलाना के मामले में विभागीय अधिकारी इंजीनियरों की रिपोर्ट को दरकिनार कर मनमाने तरीके से योजना को आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि यदि विभाग अपनी कार्यप्रणाली को सही और पारदर्शी मानता है तो उसे ग्रामीणों से कोई जानकारी छिपाने की जरूरत नहीं होनी चाहिए।
रणदीप आर्य ने कहा कि जन स्वास्थ्य विभाग को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के पानी का उचित उपयोग करने की योजना बनानी चाहिए। ट्रीटमेंट के बाद पानी को निर्धारित मानकों के अनुरूप उपयोगी बनाकर ढांड के किसानों को सिंचाई के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है। इससे किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा और सरकार को भी आर्थिक लाभ हो सकता है। उन्होंने कहा कि गंदे पानी को दूसरे गांव में डालने के बजाय उसके बेहतर उपयोग की दिशा में काम किया जाना चाहिए।
03 ढांड 01 जन स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ धरना प्रदर्शन करते हुए चंदलाना के ग्रामीण।