संवाद न्यूज एजेंसी
कसान/कलायत। खरक पांडवा गांव के प्रगतिशील युवा पशुपालक विक्रम सहारण की गाय ने 41वें राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी मेले में ड्राई ब्यूटी कैटेगरी में प्रथम स्थान हासिल कर न केवल अपने गांव बल्कि जिले का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि 6 से 8 फरवरी तक कुरुक्षेत्र के के.डी.बी. मेला ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय भव्य पशुधन मेले में दर्ज की गई।
प्रदेशभर से आए 1500 से अधिक उत्कृष्ट नस्ल के पशुओं के बीच करीब 80 श्रेणियों में हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में विक्रम की स्वदेशी गोवंशीय गाय ने शारीरिक बनावट, बेहतर स्वास्थ्य, त्वचा की चमक, मजबूत पैर-खुर, सीधी पीठ, चौड़ी छाती और नस्ल की शुद्धता जैसे सख्त मानकों पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
मेले से लौटते ही खरक पांडवा गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। इस उपलब्धि पर गांव के सरपंच सुरेश सहारण ने विक्रम सहारण और उसकी गाय का भव्य स्वागत किया। उन्होंने गाय के माथे पर तिलक लगाया, विक्रम को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया और फूल मालाएं पहनाकर हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर सरपंच सुरेश सहारण ने कहा कि आज के दौर में जहां लोग पशुपालन से दूरी बना रहे हैं, वहीं विक्रम सहारण ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और समर्पण से पशुपालन भी सम्मान और पहचान दिला सकता है। विक्रम जैसे युवा गांव की असली शान हैं। इस जीत से न केवल परिवार और गांव का नाम रोशन हुआ है, बल्कि हरियाणा की स्वदेशी गोवंश की महिमा देशभर में फैली है।
पशुपालक विक्रम सहारण ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत केवल मेरी नहीं, बल्कि मेरे स्वर्गीय पिता की प्रेरणा, मां की मेहनत, परिवार के सहयोग और गांव के प्रेम का परिणाम है। उन्होंने बताया कि रोज सुबह-शाम गाय की देखभाल, संतुलित आहार, स्वच्छता ने ही यह मुकाम दिलाया है।