समाधान शिविर की समीक्षा बैठक में शिकायतें सुनती डीसी।
कैथल। डीसी अपराजिता ने एक किसान से फसल बेचने में हुई धोखाधड़ी के मामले की जांच एसडीएम की अगुवाई वाली विजिलेंस कमेटी से करवाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने दस दिन में मामले की जांच कर तथ्य प्रस्तुत करने को कहा। डीसी अपराजिता समाधान शिविर में शिकायत लेकर आए लोगों की सुनवाई कर रहीं थीं। उन्होंने शिविर में लंबित शिकायतों की समीक्षा की और उनके जल्द समाधान के निर्देश जारी किए।
गांव सिसला निवासी किसान बलवान ने डीसी को शिकायत दी थी कि उसकी 83 एकड़ जमीन की फसल की बिक्री में उसके साथ धोखाधड़ी की गई है। इस पर डीसी ने एसडीएम कैथल संजय कुमार की अगुवाई वाली विजिलेंस कमेटी से जांच करवाने के निर्देश जारी किए। उन्होंने किसान को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसके अलावा उन्होंने समाधान शिविर में शिकायत लेकर आए लोगों की गलियों, परिवार पहचान पत्र सहित अन्य शिकायतों पर सुनवाई करते हुए उनके समाधान के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए। इसके बाद डीसी ने लंबित शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत का निपटारा तय समय सीमा में किया जाए और समाधान के बाद उसकी एटीआर पोर्टल पर अवश्य अपलोड की जाए।
लंबित शिकायतों का शीघ्र निपटारा करें
डीसी अपराजिता लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे रहीं थीं। इस मौके पर उन्होंने आमजन की शिकायत भी सुनी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का शीघ्र निपटारा करें तथा प्रत्येक शुक्रवार को समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसजीटी तथा अन्य माध्यम से आने वाली शिकायतों की प्रगति रिपोर्ट के साथ बैठक में पूरी तैयारी के साथ उपस्थित होना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जो शिकायतें लंबे समय से लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं। संवाद