कैथल। तितरम गांव के पास शराब के नशे में गाड़ी चालक ने ऑटो को टक्कर मार दी। इससे ऑटो में सवार छह सवारियों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। शिकायत में सुभाष नगर निवासी सतीश कुमार ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ सफीदो शादी से लौट रहा था। समय करीब 9 बजे जैसे ही तितरम गांव के पास पहुंचे, अचानक गलत दिशा से आ रही गाड़ी ने तेज गति से चलाते हुए ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। ऑटो के अंदर बैठे सभी को गंभीर चोटें आईं। इसमें श्यामो देवी उम्र करीब 60 साल, मुस्कान उम्र 18 साल, शिवानी उम्र 19 साल, शीतल उम्र 14 साल, आंचल उम्र 15 साल व ऑटो चालक रिंकू उम्र करीब 35 साल को गंभीर चोटें आईं।
डायल 112 मौके पर पहुंची। राहगीरों की सहायता से घायलों को नागरिक अस्पताल कैथल ले जाया गया। मौके पर गाड़ी चालक नशे की हालत में पाया गया और गाली-गलौज करता रहा। पुलिस टीम गाड़ी को थाने में ले गई। मौके पर गाड़ी की तलाशी ली गई और वीडियोग्राफी भी की गई। गाड़ी के अंदर से शराब की बोतल व कुछ घरेलू सामान गाड़ी से बाहर निकाला गया। डीएसपी सुशील कुमार ने बताया कि गाड़ी चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।