राजौंद। बरसाती मौसम का असर अब सब्जियों के दामों पर भी दिखने लगा है। रोज़ाना सब्जियों के रेट में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। लगातार बारिश और नमी के कारण सब्जियों की खराब होने की दर बढ़ गई है, जिससे दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
दुकानदारों का कहना है कि भारी बारिश और उमस के चलते अधिकांश सब्जियां एक-दो दिन में ही खराब हो जाती हैं। ऐसे में ताजा सब्जी लाना और उसका पूरा दाम वसूलना कठिन हो गया है। हालांकि कुछ सब्जियां ऐसी भी हैं जिनके दाम स्थिर हैं।
इस समय बाजार में भिंडी 50 प्रति किलो, तोरी 40, मटर 120, हरी मिर्च 80, टमाटर 80 और खीरा 40 प्रति किलो तक बिक रहा है। पिछले साल की तुलना में इस बार आलू, प्याज और टमाटर के भाव अपेक्षाकृत कम हैं। जबकि अन्य सब्जियों में भारी उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
दुकानदारों का कहना है कि यदि गर्मी और नमी का यह दौर यूं ही चलता रहा, तो आने वाले दिनों में सब्जियों के दाम और अधिक बढ़ सकते हैं। संवाद