सीएम के प्रधान सचिव डा. राकेश गुप्ता ने वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को किया संबोधित
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पीएनडीटी एवं एमटीपी अधिनियमों के सख्ती से क्रियान्वयन करके लिंगानुपात में सुधार दर्ज करने के लिए सराहना की है। वहीं पीएम ने भी हरियाणा की इस विषय में प्रगति पर प्रशंसा की थी। यह जानकारी सीएम के अतिरिक्त प्रधान सचिव डा. राकेश गुप्ता ने दी। वे प्रदेश भर के उपायुक्तों व पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत एमटीपी एंड पीएनडीटी अधिनियमों के क्रियान्वयन की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार प्रदेश में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर जींद एवं पानीपत जिलों में गांव अनुसार एवं नगर पालिका क्षेत्र अनुसार लिंगानुपात के आंकड़ों को एकत्रित करके आम पब्लिक के लिए ऑनलाइन करने का कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह की 15 तारीख तक गत माह के आंकड़ों को अपलोड करने का कार्य पूरा किया जाए। आदर्श लिंगानुपात 950 माना जाता है। सभी जिलों के अधिकारी इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर एवं सार्थक प्रयास करें।
कैथल में लिंगानुपात की समीक्षा करते हुए कहा कि जिला में इस दिशा में अच्छा कार्य हुआ है तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लगातार इस दिशा में अच्छे प्रयास किए गए हैं। डीसी व एसपी ने भी जिले में हो रही प्रगति की जानकारी दी। इस अवसर पर डीसी संजय जून, एसपी सुमेर प्रताप सिंह, डीएसपी जोगिंद्र सिंह, सतीश गौतम, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी प्रतीक हरिश, सिविल सर्जन डा. मनीष बंसल, उप सिविल सर्जन डा. नीलम कक्कड़, जिला न्यायवादी आरके कुकरेजा, उप जिला न्यायवादी जनक राज चोपड़ा आदि मौजूद रहे।