ऐसे आया पाकिस्तानी एजेंटों के संपर्क में
मस्तगढ़ निवासी देवेंद्र सिंह नवंबर 2024 में सिख धार्मिक स्थलों के दर्शन करने पाकिस्तान गया था। वहां एक लड़की ने उसे हनी ट्रैप में फंसाया। इसके बाद अपने साथ रखा। लड़की ने उसे पाकिस्तान में जासूसी का प्रशिक्षण दिया। फिर उसने उसका संपर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के एजेंटों से करवाया। लड़की ने उसे लालच दिया कि यदि वह गुप्त सूचना देगा तो वह उसकी दोस्ती खूबसूरत लड़कियों से करवा देगी। इसके अलावा उसे पैसे भी मिलेंगे।
हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर डाली थी पोस्ट
आरोपी देवेंद्र लालच में आ गया और सेना से जुड़ी जानकारियां भेजने लगा। पुलिस ने युवक को हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर फोटो डालने के बाद कैथल के गुहला थाने में केस दर्ज कर पकड़ा था, लेकिन पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहा है। शुरुआती जांच में पता चला कि वह आईएसआई के एजेंटों को अब तक पटियाला कैंट क्षेत्र की जानकारी और फोटो भेज चुका है। इसके बाद उसने डेटा मोबाइल से डिलीट कर दिया। आरोपी एमए प्रथम वर्ष राजनीतिक विज्ञान का छात्र है। पटियाला में ही वह किराये पर रह रहा था। वह मध्यम वर्गीय परिवार से है। उसके पिता किसान हैं।
आरोपी के मोबाइल से रिकवर किए गए डाटा के अनुसार सामने आया है कि देवेंद्र ने कई संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान में आईएसआई एजेंटों को भेजी हैं। इस मामले में पुलिस की ओर से कुछ समय पहले ही चार्जशीट अदालत में पेश की गई थी। अब 27 अगस्त को देवेंद्र को अदालत में पेश किया जाना है। पुलिस अदालत के निर्देशों के तहत आगामी कार्रवाई करेगी।
-गुरविंद्र सिंह, डीएसपी
ये भी पढ़ें: Haryana: हेल्पर नर्सिंग ऑफिसर ने किया सुसाइड, साड़ी से फंदा बनाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस