संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। सांसद नवीन जिंदल ने शुक्रवार को पिंजूपुरा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का दौरा किया और छात्रों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि स्किल इंडिया कार्यक्रम को अपनाकर वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को कौशल आधारित शिक्षा प्रदान कर बेरोजगारी को प्रभावी रूप से दूर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कौशल भारत कार्यक्रम सरकार के प्रमुख एजेंडे में शामिल है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप, साथ ही अपने चुनावी संकल्प पत्र में किए गए वादों को साकार करने की दिशा में गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान सांसद ने संस्थान परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और छात्रों की समस्याओं का जायजा भी लिया।
पर्यावरण संरक्षण का संकल्प ः इस अवसर पर सांसद ने आईटीआई परिसर में पौधारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने बताया कि जुलाई और अगस्त माह में विशेष पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत हर नागरिक को न सिर्फ पौधे लगाने होंगे, बल्कि उनकी देखभाल का संकल्प भी लेना होगा, ताकि पर्यावरण को हरा-भरा बनाया जा सके।
जन समस्याओं पर गंभीरता से लिया संज्ञान
इसके बाद सांसद नवीन जिंदल ने पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, जयदीप राणा, तुषार ढांडा, कलायत मंडल अध्यक्ष राजीव राजपूत, बालू मंडल अध्यक्ष नरेंद्र जुलानी खेड़ा, राजौंद मंडल अध्यक्ष सुशील पांचाल, वीरेंद्र राणा, नरेश, और हल्का प्रभारी कर्मवीर सिसोदिया मौजूद रहे।