कैथल। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव व सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की नीति युवाओं की ज़िंदगी बर्बाद कर रही है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में बढ़ती बेरोजगारी और आर्थिक संकट के बीच सोनीपत के 24 वर्षीय युवक विजय की आत्महत्या ने सरकार की रोजगार नीतियों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। वह नौकरी न मिलने, कर्ज और विदेश में रोजगार की असफल कोशिशों से हताश था। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी चरम पर है और युवा हताशा का सामना कर रहे हैं, जबकि सरकार केवल खोखले दावों में व्यस्त है।
सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि भाजपा की ‘डबल इंजन सरकार’ युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के हजारों युवा कर्ज लेकर विदेश रोजगार की तलाश में जा रहे हैं, लेकिन असफल होने पर उन्हें आर्थिक और मानसिक दबाव झेलना पड़ रहा है।
कांग्रेस के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने राज्य सरकार से मांग की कि युवाओं के लिए तत्काल रोजगार के अवसर सृजित किए जाएं और विदेश जाने वाले युवाओं के लिए सुरक्षित एवं पारदर्शी व्यवस्था बनाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके। संवाद