संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला स्वास्थ्य विभाग की तरफ से गुहला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भी जल्द अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू की जाएगी। इसके लिए नई मशीन को खरीदने के लिए प्रस्ताव स्वास्थ्य विभाग ने मुख्यालय में भेजा है।
गौरतलब है कि पिछले एक साल से यहां अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं है। इस कारण लोगों को बीमारियों की जांच को लेकर जिला नागरिक अस्पताल में आना-जाना पड़ता है, जो करीब 30 किलोमीटर दूर है। इस क्षेत्र के साथ सीवन कस्बा के लोगों को भी इस सुविधा के लिए जिला नागरिक अस्पताल में जाना पड़ता है। जब गुहला में मशीन थी तो सीवन व गुहला क्षेत्र के लोगों के लिए दो दिनों तक अल्ट्रासाउंड होते थे। अब केवल कैथल नागरिक अस्पताल में ही चार दिनों तक अल्ट्रासाउंड होते हैं।
अब जिले के कलायत, पूंडरी, कौल, राजौंद, गुहला-चीका के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही एक्स-रे की सुविधा है। सीवन में अभी तक यह सुविधा शुरू नहीं पाई है। विभाग के अनुसार सीवन सीएचसी का नया भवन बनाया जाना है। इसके लिए मंजूरी मिल गई है। नया भवन बनाने के लिए इस अस्पताल को दूसरी जगह शिफ्ट करना होगा। यह प्रक्रिया अगले माह तक शुरू होने की उम्मीद है। नया भवन बनने के बाद यहां एक्स-रे की सुविधा शुरू होगी। यह 30 बेड का अस्पताल है।
करीब 40 गांव के लोग यहां इलाज के लिए आते हैं।स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. बलविंद्र गर्ग ने बताया कि गुहला के सरकारी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन की सुविधा जल्द शुरू होगी। इसके लिए डिमांड भेजी गई है। गुहला में सिजेरियन ऑपरेशन भी जल्द शुरू किए जाएंगे।