कैथल। पुलिस ने नशा तस्करी के दो अलग-अलग मामलाें में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट व एंटी नारकोटिक सेल ने आरोपियों से 2,700 ग्राम अफीम और 4,135 ग्राम डोडा चूरापोस्त बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम शाम के समय गश्त के दौरान गुरु ब्रह्मानंद चौक पूंडरी पर मौजूद थी। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि एनएच 152डी मोहना पुल के नीचे एक होंडा सिटी गाड़ी में एक युवक बैठा है। जिसके पास अफीम है। वह थोड़ी देर में अंबाला की तरफ जाने वाला है, जिसे दबिश देकर अफीम सहित काबू किया जा सकता है। इसके बाद उन्होंने बताए गए स्थान पर दबिश देकर वहां खड़ी होंडा सिटी गाड़ी से गांव भावी जिला जोधपुर राजस्थान निवासी दिनेश ऊर्फ हनुमान को काबू कर लिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे कार्यकारी अभियंता सरस्वती हेरिटेज कैथल दिग्विजय शर्मा के समक्ष संदिग्ध की ली गई तो तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो किलो 700 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना पूंडरी में मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रवक्ता ने बताया कि दूसरे मामले में एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी की अगुवाई में पुलिस की टीम गश्त के दौरान गांव पुराना बस अड्डा कैथल के पास मौजूद थी। इस दौरान उन्हें जानकारी मिली कि पट्टी कोथ मानस रोड़ कैथल स्थित एक मकान में किराये पर रहने वाला राजस्थान निवासी एक युवक मकान में डोडा चूरापोस्त रखता है। जिसे चूरापोस्त सहित पकड़ा जा सकता है। इसके बाद टीम ने दबिश देकर संदिग्ध युवक धीरदेसर पुरोहितान तहसील श्री डुंगरगढ जिला बीकानेर राजस्थान निवासी लिच्छू राम को काबू कर लिया। डीसीडब्लूओ कैथल बलबीर सिंह के समक्ष उसकी तलाशी ली गई तो आरोपी के कब्जे में प्लास्टिक के कट्टा में रखा चार किलो 135 ग्राम डोडा चूरापोस्त बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना शहर में केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया।