नारायणगढ़। गदौली बस अड्डा के निकट पुलिस ने पिकअप में ले जाई जा रही खैर की लकड़ी की तस्करी का भंडाफोड किया है। शातिरों ने पुलिस की आंख में धूल झोंकने के लिए लकड़ी को प्लास्टिक के कट्टों में भरी पराली के नीचे रखा हुआ था। नाकाबंदी के दौरान पकड़ी गई पिकअप में से करीब 3 हजार 20 किलो लकड़ी बरामद हुई है जिसकी कीमत बाजार में एक लाख रुपये से ऊपर की है।
नारायणगढ़ थाना पुलिस ने पिकअप चालक असीफ खान व तालिब पर तस्करी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि उन्हें यमुनानगर के खिजराबाद से वन विभाग के दरोगा संदीप व वन रक्षक आम्बली से टेक चंद ने सूचना दी थी कि आरोपी कलेसर के नग्गल पट्टी के निकट से तस्करों ने खैर की लकड़ी चुराकर भागे हैं। जो नारायणगढ़ से होकर पंचकूला जाएंगे। नाकाबंदी कर आरोपियों को दबोचा था। बता दें कि इससे पहले भी नारायणगढ़ थाना पुलिस खैर की लकड़ी के तस्करों पर शिकंजा कस चुकी है।