कैथल। दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों ही मामलों में आवश्यक कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिए। पहले मामले में चंडीगढ़ हिसार नेशनल हाईवे पर कार की चपेट में आने से 55 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। तितरम थाना पुलिस को दी शिकायत में जिला संगरूर के धालीवाल बास निवासी सतविंद्र सिंह ने बताया कि वह खेती बाड़ी का काम करता है। इसके साथ ही पराली काटने का काम भी करता है। तीन नवंबर को वह व उसका पिता जीत सिंह पराली कटाई करने के लिए गांव तितरम में आए थे। इसके बाद वह व उसके पिता अपने-अपने मोटरसाइकिलों से गांव हरसौला के खेतों में पराली देखने के लिए चले गए थे।
उसने बताया कि वे जब हरसौला गांव के खेतों से कटी हुई पराली देखने के बाद गांव तितरम के खेतों की तरफ चंडीगढ़ व हिसार हाईवे पर पहुंचे तो उसके पिता की मोटरसाइकिल को अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। समय रात आठ बजे के करीब था।इसके बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। वह पिता को एबुलेंस से लेकर सिविल अस्पताल कैथल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में गाड़ी की चपेट में आने से पैदल जा रहे (82) वर्षीय एक बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने सदर थाना में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। मालखेड़ी निवासी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वह तीन नवंबर को कैथल जाने के लिए बस अड्डा गांव मालखेड़ी पर खड़ा था। उसी दिन उसके पिता गांव पाड़ला से देसी दवाई लेकर ऑटो से गांव मालखेड़ी में बस अड्डा पर पहुंचा था। दोपहर को तीन बजे के करीब उसके पिता जोगी राम आटों से नीचे उतरकर जैसे ही सड़क पार करने लगा तो गांव सांघन की तरफ से किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में घायल होने पर उन्हें एंबुलेंस से उन्हें सिविल अस्पताल कैथल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।