कैथल/पूंडरी। थाना पूंडरी क्षेत्र में एक युवक से बाइक छीनने के मामले में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने एक नाबालिग और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव रमाना-रमाणी निवासी राज कुमार की शिकायत पर पूंडरी थाने में यह मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, राज कुमार की बदनारा में मेडिकल स्टोर है। उसकी दुकान पर काम करने वाला लड़का दीपक 2 अक्तूबर की सुबह किसी काम से उसकी बाइक लेकर गया था। कुछ देर बाद दीपक लौटकर आया तो बाइक नहीं मिली। दीपक ने बताया कि करीब सुबह 9 बजे रजबाहा पुल के पास दो अज्ञात युवकों ने उससे लिफ्ट मांगी। दीपक ने उन्हें बाइक पर बैठा लिया, लेकिन कुछ दूर चलने के बाद दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट की और बाइक छीनकर ले गए।
शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए एसआई रमेश कुमार की अगुवाई में एएसआई राममेहर की टीम ने जनकपुरी कॉलोनी, कैथल निवासी 17 वर्षीय नाबालिग को निरुद्ध किया और आरोपी शुभम, निवासी रणधीर कॉलोनी, कैथल को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से छिनी गई बाइक बरामद कर ली गई। न्यायालय के आदेशानुसार, नाबालिग को बाल सुधार गृह, मधुबन भेजा गया, जबकि आरोपी शुभम को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। संवाद