संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। दिवाली से पहले अवैध पटाखों की बड़ी खेप पकड़ी गई है। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने थाना सिविल लाइन क्षेत्र से एक कैंटर को रोका और उसके कब्जे से 1659 किलो पटाखे बरामद किए।
एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एएसआई जसमेर सिंह की टीम सांयकालीन गश्त के दौरान जनकपुरी कॉलोनी, कैथल में मौजूद थी। इस दौरान सूचना मिली कि वार्ड नं 9, कवर चौक, असंध निवासी राजेंद्र सिंह, जो वर्तमान में अम्बेडकर नगर कैथल में किराये के मकान में रह रहे हैं, ने ओक्स फोर्ड स्कूल के पीछे कॉलोनी में अवैध पटाखे रखे हैं। आरोपी इन्हें कैंटर में लोड करके बाहर बेचने वाला था।
एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ और फायर ब्रिगेड टीम ने मौके पर छापेमारी की। आरोपी के कब्जे से कैंटर में रखी 200 पेटियों में कुल 1659.470 किलोग्राम चटर-पटर ज्वलनशील विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। राजेंद्र सिंह बरामद पटाखों और सामग्री से संबंधित कोई लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सके। थाना सिविल लाइन में विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।