कैथल जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो व्यक्तियों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों ही घटनाओं के संबंध में केस दर्ज कर शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
पहले मामले में पुलिस को दी शिकायत में पूंडरी के गांव सेरधा निवासी शमशेर ने बताया कि बुधवार को रात करीब आठ बजे उसका भाई कर्मबीर पाई से घर की ओर आ रहा था।
इस दौरान एक महिंद्रा पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
इसी प्रकार से एक अन्य मामले में सीवन के गांव कांगथली में ट्रक द्वारा कुचले जाने से साइकिल सवार की मौत हो गई। पुलिस को दी गई शिकायत में गांव ककेहड़ी निवासी गुरमीत ने बताया कि जब 44 वर्षीय भाई लखबीर सिंह कांगथली से घर की ओर आ रहा था।
इस दौरान बस स्टैंड पर उत्तर प्रदेश के पुरखाबाद वासी राजबीर नामक ट्रक चालक ने उसकी साइकिल को टक्कर मारी दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक हादसे के बाद ही फरार हो गया। पुलिस ने केस की जांच शुरू कर दी है।