कैथल। स्कॉर्पियो लूट कर चालक जसविंद्र की हत्या के मामले में हत्यारोपियों की मदद करने के आरोपी 2 पिता व भाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों से व्यापक पूछताछ की जा रही है तथा दोनों को रविवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। भूमिगत चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी करवाए गये हैं। अपराध शाखा की कई टीमें आरोपियों के छिपने के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं बालु व मटौर वासी दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 10-10 हजार रुपये ईनाम देने की घोषणा की है। गिरफ्तारी के लिए ठोस सूचना देने वाले नागरिक का नाम-पता उसकी इच्छानुसार गुप्त रखा जाएगा। मामले में अब तक आधा दर्जन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
एक मुख्य आरोपी एक जून तक पुलिस रिमांड पर चल रहा है। पुलिस प्रवक्ता रोशन लाल खटकड़ ने बताया अपराध शाखा प्रभारी सबइंस्पेक्टर सत्यवान की टीमें खरक पांडवा वासी जसविंद्र की हत्या व लूट प्रकरण में वारदात बारे षड़यंत्र रचने वाले आरोपी जयभगवान मटौर तथा कर्मबीर बालु की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर निरंतर दबिश दे रही है। जांच में पाया गया कि आरोपी जयभगवान को उसका भाई विजय उर्फ वीजा वासी मटौर तथा कर्मबीर को उसका पिता सत्यनारायण गिरफ्तारी से बचाने के लिए दोनों की मदद करते हुए नकदी सहित हर संभव सहायता प्रदान करते रहे।
प्रवक्ता ने बताया आरोपी विजय मटौर व सत्यनारायण बालु को सीआईए प्रभारी सबइंस्पेक्टर सत्यवान ने भादसं की धारा 216 तहत गिरफ्तार कर लिया। जिनसे व्यापक पूछताछ की जा रही है। प्रवक्ता ने बताया आरोपी जयभगवान मटोर तथा कर्मबीर बालु की गिरफ्तारी के लिए जेएमआईसी देवेंद्र सिंह की अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी कराए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह यादव ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। इनकी गिरफ्तारी बारे ठोस सूचना देने वाले नागरिक को सम्मानित किया जाएगा तथा उसका नाम पता गुप्त रखा जाएगा। विदित रहे कि 20 मई को यमुनानगर के लिए किराये पर ले जाने के बाद गांव खरक पांडवा निवासी चालक जसविंद्र सिंह की हत्या कर शव पेड़ से बांध दिया गया था। पुलिस ने लूटी गई गाड़ी भी यूपी से बरामद कर ली है। इसके अतिरिक्त यूपी वासी आरोपी अफजाल की भी तलाश की जा रही है।