गांव सीवन में आढ़त की दुकान में बैठे एक आढ़ती व उसके पार्टनर से सात आरोपियों ने दो लाख 15 हजार रुपये और सोने की चेन लूट ली। मामले में पुलिस ने आढ़ती की शिकायत पर गांव के ही एक आरोपी सहित सात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सीवन निवासी रवि कुमार ने पुलिस थाना में दी शिकायत में बताया कि उसकी किसान ग्रेन ट्रेडर्स के नाम से सीवन में पानी की पुरानी टंकी के पास आढ़त की दुकान है। इस दुकान में अनिल कुमार व कृष्ण कुमार के साथ उसकी साझेदारी है और महेंद्र वहां बतौर मुनीम काम करता है। 16 अगस्त को शाम पांच बजे वह खुद, उसका पार्टनर अनिल व मुनिम महेंद्र दुकान के अंदर बैठे थे। इस दौरान 5-6 व्यक्ति तलवार व डंडे लेकर दुकान में आए और आते ही उसकी जेब से पैसे निकालने के लिए झपटा मारा। जेब से एक लाख 30 हजार रुपये निकाल लिए। जब उसने आरोपियों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने तलवार, लाठी व डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों ने अनिल कुमार की जेब से भी 85 हजार रुपये छीन लिए और तीन तोले सोने की चैन भी छीन ली। शोर मचाने पर जब आसपास से पड़ोसी आए तो आरोपी मौके से भाग गए। उनमें से एक सुरजीत नाम का आरोपी सीवन निवासी है। एएसआई अनिल कुमार को मामले की जांच सौंपी है।