संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका (कैथल)। गुहला क्षेत्र के गांव भागल में मंगलवार देर सायं बाइक पर सवार होकर राशन लेने जा रहे दो मजदूरों को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से भाग गया। मृतक राजस्थान और यूपी के प्रवासी मजदूर बताए जा रहे हैं।
मृतकों की पहचान करीब 20 वर्षीय संदीप कुमार निवासी गांव उदयपुरवाटी, जिला झुंझनू (राजस्थान) और 20 वर्षीय राजा बाबू निवासी गांव कटरा, जिला प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। इस संबंध में मृतकों के चचेरे भाई महेश वर्मा ने पुलिस को शिकायत दी है।
महेश वर्मा ने बताया कि उसका परिवार पिछले तीन माह से निकटवर्ती गांव दिवाना में एक ईंट भट्ठे पर रहकर मजदूरी कर रहा था। संदीप और राजा बाबू भी उसी भट्ठे पर काम करते थे। मंगलवार देर सायं दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर भट्ठे से गांव भागल में राशन लेने के लिए निकले थे।
शिकायत के अनुसार, जैसे ही वे भागल गांव में स्कूल के सामने पहुंचे, तभी भागल की ओर से आ रहा एक डंपर अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से एक अन्य ट्रक को ओवरटेक करता हुआ आया और सीधे मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया।
अविवाहित थे दोनों मृतक
परिजनों के अनुसार दोनों युवक अभी अविवाहित थे और करीब तीन माह पहले ही काम की तलाश में यहां आए थे। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस की मदद से दोनों घायलों को कैथल के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने आरोपी डंपर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
चीका थाना के जांच अधिकारी जसपाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मौके से भाग निकले चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।