संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। स्वास्थ्य विभाग के लाख प्रयास के बावजूद जिले में कोरोना का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को एकबार फिर जिले में दो कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की मौत हो गई। वहीं 32 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। मृतकों में एक व्यक्ति गांव गुहणा का रहने वाला था जबकि दूसरा कलायत निवासी था।
गुहणा निवासी 79 वर्षीय बुजुर्ग और कलायत निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति दोनों को संक्रमित मिलने के बाद अग्रोहा अस्पताल में आइसोलेट किया गया था, जहां छह अप्रैल को दोनों संक्रमितों की मौत हो गई। कोरोना संक्रमित होने के साथ-साथ ये दोनों अन्य बीमारियों से भी पीड़ित बताए गए हैं।
सिविल सर्जन डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से बचाव के लिए वैक्सीनेशन कार्यक्रम चलाया जा रहा है। अब वैक्सीन पूरे सप्ताह लगाई जा रही है। अब तक जिले में 45 हजार से अधिक नागरिकों का टीकाकरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के बाद भी मास्क का प्रयोग जारी रखें।
विदित हो कि जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 286 हो गई है, जबकि 74 संक्रमित व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। कोरोना की शुरुआत से लेकर अब तक जिले में 4891 संक्रमित व्यक्ति पाए गए हैं। उनमें से 4532 ठीक हो चुके हैं।
2262 व्यक्तियों को लगाई गई वैक्सीन
मंगलवार को जिले में 33 स्थानों पर वैक्सीनेशन का कार्य किया गया। इस दौरान 2262 व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया। इसमें 2213 व्यक्तियों को वैक्सीन का पहला टीका लगाया गया, जबकि 49 व्यक्तियों को दूसरा टीका लगाया गया।