संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। यूपी के सरसावा में अहमदपुर गांव के पास सर्विस रोड से जा रहे कांवड़ियों के ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक करंट दौड़ गया। हादसे में सीवन के दो कांवड़ियों की जान चली गई। घटना की सूचना मिलने पर सीवन में दोनों के घरों में कोहराम मच गया।
हादसा सोमवार देर रात करीब दो बजे हुआ। दोनों कांवड़ियों ट्रैक्टर पर सवार होकर वापस सीवन आ रहे थे। अचानक ट्रैक्टर में लगी लोहे की रॉड नलकूप में जाने वाले तार से टकरा गई और ट्रैक्टर में करंट आने से वे झुलस गए। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची व दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए स्थानीय अस्पताल में भेजा। घटना रुड़की-पंचकूला नेशनल हाईवे की नीचे अहमदपुर के समीप हुई।
ये कांवड़िये ट्रैक्टर पर सवार होकर हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गांव लौट रहे थे तभी हादसे का शिकार हो गए। उधर, घटना की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजन भी सहारनपुर पहुंचे।
मिली जानकारी के अनुसार, कैथल के गांव सीवन निवासी शानुराम का 22 वर्षीय पुत्र कुलदीप और सुरेश का 18 वर्षीय पुत्र लखन अपने गांव के अन्य कांवड़ियों के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर हरिद्वार से गंगाजल लेकर वापस गांव लौट रहे थे। ये युवा तिरंगा कांवड़ लेकर वापस सीवन की ओर आ रहे थे।
जब ये रुड़की पंचकूला-नेशनल हाईवे पर पहुंचे तो सरसावा थाना क्षेत्र में रुड़की पंचकूला नेशनल हाईवे पर सरसावा के नजदीक अहमदपुर गांव की ओर जाते कच्चे रास्ते पर उतर गए। इस बीच ट्रॉली में लगा लोहे का पाइप नलकूप पर जाते बिजली के तार से टकरा गया। इससे ट्रॉली में करंट आ गया। ट्रॉली में बैठे लोगों को करंट का झटका लगा। जो दो युवक ट्रॉली से बाहर जमीन पर खड़े थे, अर्थिंग मिलने पर दोनों झुलस गए।
जानकारी मिलने पर पुलिस व एंबुलेंस मौके पर पहुंची व दोनों झुलसे कांवड़ियों को उठाकर मेडिकल कॉलेज ले गई। वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। ट्रैक्टर में सवार अन्य कांवड़ियों ने बताया कि हाईवे पर पहुंचकर वे लोग रास्ता भटक गए थे। रात को दो बजे सड़क पर कोई रास्ता बताने वाला भी नहीं दिख रहा था। इसलिए चालक ने ट्रैक्टर को कच्चे रास्ते पर उतार दिया। जहां पर बिजली के तार नीचे लटके हुए थे। तार ट्रैक्टर में टकरा गए और हादसा हो गया।