संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। एंटी करप्शन ब्यूरो अंबाला की टीम ने हांसी बुटाना नहर किनारे लकड़ियां ले जाने पर नोटिस देने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में वीरवार शाम को वन विभाग के दो कर्मियों को गिरफ्तार किया है। इसमें एक चतुर्थ श्रेणी का कर्मी तो दूसरा विभाग में गार्ड है। टीम ने आरोपी जयपाल पंनसालियां को शिकायतकर्ता से छह हजार रुपये की नकद राशि के साथ करोड़ा गांव में रंगेहाथ व विभाग में गार्ड के तौर पर कार्यरत सह आरोपी हरदीप को कैथल शहर के जाट कॉलेज के बाहर से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसीबी के इंस्पेक्टर महेंद्र के नेतृत्व में की गईं है।
इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें करोड़ा गांव की महिला के पति ने शिकायत दी थी कि उसकी पत्नी अन्य औरतों के साथ नीचे गिरी हुई लकड़ियों को उठाने के लिए हांसी बुटाना नहर के किनारे गई थी। उस दौरान आरोपी जयपाल पंनसालियां ने मोबाइल फ़ोन के माध्यम से 12 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। पंनसालियां के साथ हरदीप ने फोन और रिश्वत की मांग की। इसके बाद पंनसालियां को छह हजार रुपये की रिश्वत सहित करोड़ा गांव से गिरफ्तार किया। अब दोनों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।