संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। गुहला क्षेत्र में वायरल बुखार का प्रकोप है। वैसे तो यह बुखार डेंगू की श्रेणी में आता है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग इसकी रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं कर रहा है। तीन दिन में दो लोगों की मौत हो गई है।
बुखार के दौरान प्लेटलेट्स कम होने के चलते ही लोगों की मौतें हो रही हैं। पिछले एक माह के आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो संदिग्ध बुखार से गुहला क्षेत्र में लगभग 12 लोगों की मौत हो चुकी हैं। इनमें से एक आध व्यक्ति की मौत बेशक हार्ट अटैक से हुई है, अधिकतर लोगों की मौतें प्लेटलेट्स कम होने के कारण ही हुई है।
दो दिन पहले जहां वार्ड नंबर 10 के सुखविंद्र सिंह की मौत प्लेटलेट्स कम होने के चलते हो गई। वहीं, बुधवार को भी वार्ड नंबर एक निवासी 35 वर्षीय युवक राजेश की प्लेटलेट्स कम होने के कारण मौत हो गई है। निजी अस्पतालों का दौरा करने पर पाया गया कि वहां पर दाखिल अधिकतर मरीज बुखार से पीड़ित है और उनकी प्लेटलेट्स कम हो रहे हैं। प्लेटलेट्स कम होने की जानकारी मिलते ही लोग अपने परिजनों को इलाज के लिए पटियाला, चंडीगढ़ या कैथल लेकर जा रहे हैं।
आजकल वायरल बुखार फैला है। यह वायरल ऐसा है, जिसमें तेजी से प्लेटलेट्स कम होते हैं। इस वायरल को डेंगू कहना सही नहीं है। जिन भी मरीजों को लगे कि उन्हें डेंगू है, वे सरकारी अस्पताल से मुफ्त टेस्ट करवा सकते है। वायरल को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से समय समय पर फागिंग करवाई जाती है। - डॉ. रेणू चावला, सिविल सर्जन, कैथल।