संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लघु सचिवालय परिसर में बुधवार को ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन ने बैठक की। बैठक में पंचायत मंत्री के साथ होने वाली आठ नवंबर की समझौता वार्ता स्थगित करने पर हरियाणा के हजारों सफाई कर्मचारियों ने अपना रोष प्रकट किया है। सफाई कर्मियों ने कहा कि नौ नवंबर को भी विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
राज्य कमेटी ने सरकार की तानाशाही का जवाब देने के लिए ऐलान किया है, जब तक नहीं सुनेंगे आंदोलन जारी रहेगा। हड़ताल 20 नवंबर तक बढ़ा दी गई है। आंदोलन की समीक्षा के लिए और अगली रणनीति के लिए पूरे हरियाणा के सक्रिय कार्यकर्ताओं की 18 नवंबर को रोहतक के अंदर राज्य स्तरीय कन्वेंशन आयोजित करने का निर्णय लिया है।
यूनियन जिला प्रधान अजय पबनावा व जिला सचिव बीरभान जाखौली ने कहा कि सरकार जानबूझकर आंदोलन को लंबा खींचकर आंदोलन में फूट डालने की कोशिश कर रही है। राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष बसाऊ राम ने कहा कि भाजपा नेतृत्व वाली मोदी और भाजपा सरकार विकास के नाम पर विनाश का रास्ता अपना रही है।
देश का किसान मजदूर 26 नवंबर से लेकर 28 नवंबर तक राज्य की सभी राजधानियों के अंदर पड़ाव डालेंगे। इस अवसर पर सर्व कर्मचारी संघ जिला उपाध्यक्ष छज्जू राम, ब्लाक प्रधान शिवदत्त शर्मा, किसान सभा के जिला प्रधान महेंद्र सिंह, सीटू नेता जयप्रकाश शास्त्री, किसान नेता बलवंत राय मौजूद रहे।