संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई वहीं किसान घायल हो गया। पुलिस ने तीनों मामलों में आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पहले मामले में गांव हरिगढ़ किंगन निवासी सुरेंद्र सिंह ने चीका थाना में शिकायत दी कि दो जुलाई को उसका 18 वर्षीय भतीजा जतिन अपनी कार में चीका से अपने गांव जा रहा था। जब वह पिहोवा रोड पर पहुंचा तो अज्ञात कार चालक ने तेजगति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसके भतीजे की कार को साइड में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से उसके भतीजे की कार का संतुलन बिगड़ गया। हादसे में कार सड़क के साइड में गड्ढों में उतरकर सामने खंभे से टकरा गई। दुर्घटना में जतिन गंभीर रूप से घायल हो गया। वह राहगीरों की सहायता से जतिन को सरकारी अस्पताल गुहला ले गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी संदीप ने बताया कि पुलिस ने कार चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में सड़क पर जा रहे करीब 22 वर्षीय युवक को एक पिकअप गाड़ी चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने गाड़ी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बिशनगढ़ गामड़ी कैथल निवासी कृष्ण कुमार ने कलायत थाना में शिकायत दी कि तीन जुलाई को वह अपने ऑटो में सामान छोडऩे के लिए कैथल से चौसाला गया था। वापस आते समय जब गांव बालू में स्कूल के पास पहुंचा तो देखा कि एक पिकअप गाड़ी चालक ने सडक़ पर जा रहे एक युवक को टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल युवक को राहगीरों ने सरकारी अस्पताल कैथल पहुंचाया लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान किशोरपुर राजस्थान निवासी सुरेश के रूप में हुई। जांच अधिध्कारी राजेश ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीसरे मामले में गांव प्योदा निवासी 55 वर्षीय किसान सतपाल ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दी कि 30 जून को वह अपने किसी काम से मोटरसाइकिल पर कैथल आया हुआ था। जब रात करीब नौ बजे वह गांव वापस जा रहा था और उद्योग मार्ग पर पहुंचा तो अज्ञात कार चालक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह घायल हो गया। कार चालक मौके से भाग गया। जांच अधिकारी प्रभात ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।