कैथल। थाना तितरम के सामने शनिवार को हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने रविवार को दो अलग-अलग मामले दर्ज किए। जिसमें गुलमोहर सिटी के मालिक हरीश गर्ग पक्ष की ओर से घायल गुरमीत की शिकायत पर कुलदीप बालू सहित पांच लोगों के खिलाफ व कुलदीप बालू पक्ष की ओर से खुराना निवासी प्रवीण उर्फ बीनू की शिकायत पर 14 लोगों के खिलाफ हत्या का प्रयास, मारपीट सहित शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना में रंगदारी मांगने, धमकी देने और संपत्ति में हिस्सेदारी देने से इंकार करने का आरोप लगाया गया था।
एक पक्ष में पुलिस को दी शिकायत में गांव फ्रांसवाला निवासी गुरमीत ऊर्फ मीता ने कहा कि सात जनवरी को हरीश गर्ग ने गांव बालू निवासी कुलदीप और प्रदीप के खिलाफ रंगदारी मांगने व धमकी देने की शिकायत दी थी। इस मामले में शनिवार को थाना तितरम में हुई पंचायत में वह हरीश गर्ग, गढ़ी निवासी प्रदीप, बाता निवासी अमित उर्फ नाथी, हरसोला निवासी रविंद्र व रोहित के साथ गया था। जब वे थाने में बातचीत कर बाहर आए तो तितरम मोड नरवाना रोड पर खुराना निवासी प्रवीन उर्फ बीनू ने पिस्तौल से उनके ऊपर गोली चलाई। जो गढ़ी निवासी प्रदीप को लगी। फिर आरोपी पक्ष में कुलदीप व प्रदीप ने भी पिस्तौल से गढ़ी निवासी प्रदीप पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। जो प्रदीप के हाथ व पेट में लगी। वह छुड़ाने लगा तो बालू निवासी प्रदीप ने पिस्तौल से उस पर गोली चलाई। जो उसकी टांग में लगी। वे जमीन पर गिर गए तो रमाणा निवासी सुनील व सिरटा निवासी सुरेंद्र ने उन्हें जान से मारने की बात कही। बाद में उन्हें जिला अस्पताल से पीजीआई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शिकायत आरोपियों बालू निवासी कुलदीप, प्रदीप, खुराना निवासी प्रवीन उर्फ बीनू, सिरटा निवासी सुरेंद्र व रमाणा निवासी सुनील रमाणा के खिलाफ धारा 148, 149, 323, 307, 506 आईपीसी सहित शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है।
दूसरे पक्ष की ओर से पुलिस को दी शिकायत में खुराना निवासी प्रवीण कुमार ने बताया कि वह खेती व थोड़ा प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। गांव बालू निवासी कुलदीप उसका दोस्त है। कुलदीप ने कैथल शहर में गुलमोहर सिटी की बैंक से प्रॉपर्टी के लिए टेंडर भरा था। इसके बाद कैथल निवासी हरीश लाला व दीक्षित ने कुलदीप को कहा था कि वे गुलमोहर सिटी खरीद लेते हैं। इसमें उसे 25 प्रतिशत हिस्सा रख लेते हैं। यह बात मौखिक तौर पर हुई थी। जिसे कुलदीप ने स्वीकार कर लिया था। लेकिन अब हरीश व अन्य ने कुलदीप बालू को यह हिस्सा देने से इंकार कर दिया।
इसी बात को लेकर सात जनवरी को उसके दोस्त कुलदीप बालू, दीक्षित, हरीश आदि की गुलमोहर सिटी कैथल में कहासुनी हुई। इसके बाद हरीश लाला ने थाना तितरम में कुलदीप बालू की शिकायत की थी। जिसमें आठ जनवरी को जांच के लिए बुलाए जाने पर वह कुलदीप व अन्य के साथ पुलिस थाने में गया था। थाने में बातचीत के बाद कुलदीप बालू ने उसे थाने से बाहर अपनी गाड़ी में ही छोड़ दिया था। दोबारा से पंचायत करने की बात कहकर पंचायत खत्म हुई। उनके विरोधी पक्ष हरीश व अन्य पुल के निकट खड़े हो गए। उनके बुलाने पर गांव बलबेहड़ा निवासी सुभाष बलबेहड़ा, हरसौला निवासी रविंद्र व रोहित, करोड़ा निवासी पवन गाड़ी में आए। इसके बाद गढ़ी निवासी प्रदीप उस पर पिस्तौल से गोली चलाई। जो उसके हाथ में लगी। इसके बाद खुराना निवासी काला ने फायर किया, जो उसके ऊपर से निकल गया।
इसी समय फ्रांसवाला निवासी गुरमीत उर्फ मीता ने गंडासी से उस पर हमला किया। इसके बाद हरसौला निवासी रविंद्र ने गंडासी से उसकी टांग पर हमला किया। रोहित ने उस पर लोहे की रॉड से हमला किया। उसके शोर मचाने पर उसके साथी आए और उसे छुड़वाया। आरोपी उसे धमकी देकर फरार हो गए। उसे पूरा शक है कि जेल में बंद गढ़ी निवासी संदीप के इशारे पर हरीश लाला, दीक्षित व हरीश लाला के भाई, राजपाल चहल की से आरोपियों ने कुलदीप बालू के साथ रहने की रंजिश में उसे चोटें मारी हैं। उसने भी अपने बचाव में दो गोली चलाई। जो उसे नहीं पता किसको लगीं। जब उसे एंबुलेंस से उतार रहे थे तो जिला अस्पताल में करोड़ा निवासी कुलदीप ने पिस्तौल के बट से उस पर हमला किया।
पुलिस ने खुराना निवासी प्रवीण की शिकायत पर हरीश गर्ग, दीक्षित जो युवा कांग्रेस का हल्का अध्यक्ष है, हरीश के भाई, राजपाल चहल, बलबेहड़ा निवासी सुभाष, हरसौला निवासी रविंद्र व रोहित, गढ़ी निवासी प्रदीप, फ्रांसवाला निवासी गुरमीत उर्फ मीता, कैथल निवासी अभिनव, संदीप उर्फ साई, करोड़ा निवासी कुलदीप व दो अन्य आरोपी काला व पवन के खिलाफ धारा 148/149/323/506/307/120बी आईपीसी व शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच में दोषी पाए गए लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
कैथल। पुलिस ने तितरम थाने के गेट के सामने फायरिंग के मामले में दोनों पक्षों के पांच आरोपियों को काबू किया है। जिन्हें हथियारों की बरामदगी के लिए सोमवार को न्यायालय में पेश किया कर रिमांड पर लिया जाएगा।
एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि 8 जनवरी को तितरम मोड़ पर हरीश निवासी कैथल व कुलदीप निवासी बालू के बीच प्रॉपर्टी को लेकर लड़ाई झगड़ा हुआ था। जिसमें दोनों पक्षों के बीच डंडे गंडासी के साथ-साथ गोलीबारी हुई थी। जिसमें दोनों पक्ष के व्यक्ति घायल हुए थे। इस बारे में थाना तितरम में दो केस दर्ज किए गए हैं। मामले की जांच करते हुए सीआईए-1 की ने बालू निवासी आरोपी कुलदीप व जींद जिला के गांव तारखां निवासी मनदीप को गिरफ्तार कर लिया तथा दूसरे मामले में जांच करते हुए पुलिस टीम ने गांव हरसौला निवासी रवि, करोड़ा निवासी कुलदीप व खुराना निवासी व सुरेंद्र उर्फ काला को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी सोमवार को न्यायालय में पेश किए जाएंगे, जहां से पूछताछ व वारदात में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी सहित पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।