कैथल-करनाल रोड स्थित नेशनल हाईवे 152-डी के पुल के नीचे दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक कार फिल्मी स्टाइल में कई बार पलटी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। दोनों कार काफी क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद काफी संख्या में वाहन चालकों की भीड़ जमा हो गई। इससे दोनों ओर से मार्ग अवरुद्ध हो गया। इसके बाद घटना की सूचना डायल-112 व एंबुलेंस को दी गई। तब तक राहगीरों ने दोनों कारों में सवार करीब आधा दर्जन यात्रियों को सकुशल कार से बाहर निकाल लिया। मौके पर पुलिस व एंबुलेंस की गाड़ी मौके पर पहुंची।
कैथल निवासी कार चालक विजय ने बताया कि वह कार में सवार होकर कैथल से करनाल के लिए रवाना हुआ था। जैसे ही वह शुगर मिल से आगे करनाल रोड स्थित पुल के पास पहुंचा तो कलायत की ओर से आ रहे कार चालक ने पुल के नीचे से क्रॉसिंग करने की बजाय उसकी कार में टक्कर मार दी। उन्होंने कार को बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन कार बेकाबू होकर उनकी कार में टकराकर दूसरी ओर पलट गई। इस हादसे में गनीमत रही कि किसी को जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि दूसरी कार का चालक दिल्ली से वाया कैथल होकर चंडीगढ़ जा रहा था। इसमें चार यात्री सवार थे, वहीं उनकी कार में केवल चालक ही मौजूद था। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। तितरम थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।