संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/ढांड। पबनावा गांव में वीरवार रात आमने-सामने दो बाइकों की भिड़ंत में एक बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों ईंट भट्ठे से काम कर लौट रहे थे। हादसा उस समय हुआ जब सामने से आ रहे एक बाइक चालक ने कथित रूप से तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बीच आरोपी बाइक सवार अपनी क्षतिग्रस्त गाड़ी वहीं छोड़कर भाग निकला। बुजुर्ग बाइक पर पीछे बैठे थे और हेलमेट नहीं लगाए थे जबकि बाइक चला रहा उनका साथी हेलमेट लगाए था।
ढांड थाने में पबनावा निवासी संदीप शर्मा ने घटना की प्राथमिकी दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि पिता सुभाष चंद गांव स्थित गणेश भट्ठा पर मजदूरी का कार्य करते थे। वीरवार रात करीब आठ बजे वे अपना काम समाप्त कर अपने परिचित रामपाल (निवासी मोहड़ी) के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे गांव के समीप पहुंचे, सामने से आ रहे एक अन्य बाइक चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और एंबुलेंस की मदद से उन्हें सरकारी अस्पताल पहुंचाया। सुभाषचंद की हालत गंभीर थी। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके साथ सवार रामपाल को भी गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर बताई जाती है।
बेटे की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी
मृतक के बेटे संदीप शर्मा ने तेज रफ्तार बाइक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी की लापरवाही और तेज गति के कारण ही यह दर्दनाक हादसा हुआ, जिससे उनके परिवार का सहारा छिन गया। इस संदर्भ में ढांड थाना के जांच अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना के कारणों और आरोपी की पहचान स्पष्ट हो सके।