संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। ट्रक से जीरी की बोरियां चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जाखौली अड्डा निवासी रोहित और राम नगर कैथल निवासी अजय शामिल को अदालत में पेश कर जेल भेजा गया है।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि गांव सीवन निवासी रामकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 4 दिसंबर की रात करीब 12:10 बजे वह कलायत अनाज मंडी से जीरी की बोरियां लोड कर ट्रक से फिरोजपुर की ओर रवाना हुआ था। लगभग 1:25 बजे जब वह जाखौली अड्डा, कैथल के पास रेलवे पुल पर पहुंचा तो ज्यादा लोड होने के कारण चढ़ाई पर उसने रस्से और टायर की जांच के लिए ट्रक रोका।
जांच के बाद वह आगे बढ़ा, लेकिन पुल से नीचे उतरते समय ब्रेकर से गुजरते हुए उसे बोरी हिलने का अहसास हुआ। शक होने पर उसने फिर से ट्रक रोका और जांच की तो एक ब्लॉक से 50-50 किलो वजन की कुल सात बोरियां जीरी की गायब मिलीं। पीड़ित के अनुसार अज्ञात चोरों ने चढ़ाई के दौरान मौका पाकर बोरियां उतार ली थीं। थाना शहर कैथल में प्राथमिकी दर्ज की गई।
जांच चौकी अनाज मंडी प्रभारी एएसआई दयानंद और एएसआई राकेश की टीम ने करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सातों बोरियां और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार आरोपी अजय के खिलाफ पहले से एक युवती की अश्लील फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देने का मामला, चोरी के दो मामले और हत्या के प्रयास का एक मामला दर्ज है। वहीं आरोपी रोहित पर चोरी के पांच मामले दर्ज बताए गए हैं।