संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन सर्जन अभियान के तहत संचार एवं मीडिया विभाग की ओर से प्रवक्ता एवं सोशल मीडिया से जुड़े पदाधिकारियों की नियुक्ति के लिए टैलेंट हंट प्रतिभा खोज कार्यक्रम का राष्ट्रीय स्तर पर आयोजन किया जा रहा है। इसी अभियान को लेकर कोयल परिसर में प्रदेश संयोजक रायसिंह गुर्जर ने पत्रकारों से बातचीत की।
उन्होंने बताया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए कांग्रेस संगठन देशभर में जनता से जुड़कर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि टैलेंट हंट कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों से ऐसे अनुभवी और जागरूक लोगों को सामने लाना है, जिन्हें संविधान, कानून और लोकतांत्रिक मूल्यों की अच्छी समझ हो और जो सामाजिक मुद्दों तथा क्षेत्रीय समस्याओं पर बात को प्रभावी ढंग से रख सकें। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला स्तर पर प्रवक्ताओं और सोशल मीडिया के पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा।
समाज के वंचित वर्गों को मिलेगा मंच
रायसिंह गुर्जर ने कहा कि समाज के वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए इस अभियान के माध्यम से ऐसे लोगों को आगे लाया जाएगा, जो अपनी बात को प्रभावी ढंग से मंच तक पहुंचा सकें। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के तहत एक निर्धारित चयन प्रक्रिया अपनाई जाएगी। कार्यक्रम के तहत महिलाओं की भागीदारी को भी प्राथमिकता दी जाएगी और लगभग 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व महिलाओं को दिया जाएगा।