कैथल। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने एक गाड़ी सहित दो आरोपी काबू किए हैं। इन आरोपियों से एक किलो 30 ग्राम चरस भी बरामद की गई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की टीम शाम के समय गश्त दौरान क्योड़क बस अड्डा के पास मौजूद थी।
पुलिस को सूचना मिली कि हिमाचल प्रदेश निवासी राजेंद्र सिंह व मनोज कुमार दोनों मिलकर नशीला पदार्थ सुल्फा बेचने का काम करते है। वे काले रंग की एक्सयूवी गाड़ी में क्योड़क में आने वाले है। पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे पर क्योड़क से थोड़ा आगे नाकाबंदी की। जहां कुछ समय बाद पिहोवा की तरफ से आई एक काले रंग की एक्सयूवी गाड़ी को रुकवा कर गाड़ी में सवार चंडेह गांव जिला मंडी हिमाचल प्रदेश निवासी राजेंद्र कुमार व बुग जिला मंडी हिमाचल प्रदेश निवासी मनोज कुमार को काबू कर लिया। पुलिस सूचना के बाद पहुंचे तहसीलदार कैथल रविंद्र हुड्डा के समक्ष तलाशी ली गई तो गाड़ी में रखे पॉलीथिन से एक किलो 30 ग्राम चरस/सुल्फा बरामद हुआ। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज कर उन्हें एएसआई जसमेर सिंह ने गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपी न्यायालय में पेश किए गए, जहां से आरोपी मनोज को जेल भेज दिया गया वहीं आरोपी राजेंद्र को पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लिया है। संवाद