कैथल। पुलिस ने नशीला पदार्थ सुंघा कर नकदी लूटने वाले दो आरोपी दबोच लिए। एसपी मकसूद अहमद ने बताया कि आरोपी गांधी नगर कुरुक्षेत्र निवासी रवि व गणेश कॉलोनी पीपली जिला कुरुक्षेत्र निवासी धनबहादुर को दबोचा है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरके राइस मिल सदरहेड़ी निवासी सुरेश दास ने शिकायत में बताया था कि 17 फरवरी 2022 को जब वह चीका सेंट्रल बैंक में रुपये जमा करवाने आया तो वहां पास में खड़े एक युवक ने उसको कहा कि उसका रुपये जमा करवाने का फार्म भर दो। इसके बाद आरोपी बोला कि उसका खाता उसके दोस्त के पास है। वहां चलकर खाता नंबर ले आएंगे। रास्ते में उस अज्ञात युवक का दोस्त मिला। इसके बाद उन्होंने वहां पर चाय पी। उन्होंने चाय में कुछ नशीला पदार्थ मिलाया। इस कारण उसे नशा हो गया। शिकायत के अनुसार, दोनों युवक सुरेश दास की जेब से 30 हजार रुपये नकदी व एटीएम छीन कर ले गए। थाना चीका में यह मामला दर्ज किया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने कैथल जिला सहित अन्य जिलों में इस तरह की 30 से ज्यादा वारदातों को अंजाम देना कबूल किया था। पूछताछ दौरान आरोपियों के कब्जे से छीनी गई 1300 रुपये की नकदी बरामद कर ली है। शनिवार को दोनों आरोपी जेल भेज दिए गए हैं।
लड़की को भगाने वाला सह आरोपी पकड़ा
कैथल। पुलिस ने नाबालिग लड़की को भगाने वाला सह आरोपी पकड़ लिया। पुलिस ने बंदराना निवासी गुरुवंश को पकड़ा है। थाना सदर क्षेत्र के तहत आने वाले एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया था कि 15 फरवरी की रात को उसकी नाबालिग बेटी को आरोपी बंदराना निवासी अजय शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। थाना सदर में विभिन्न धाराओं के तहत यह मामला दर्ज किया गया था। पुलिस आरोपी अजय को गिरफ्तार कर चुकी थी। जांच दौरान खुलासा हुआ था कि आरोपी गुरुवंश ने लड़की को भगाने में आरोपी अजय का साथ दिया था। आरोपी गुरुवंश के कब्जे से वारदात में प्रयोग बाइक बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायालय के आदेशानुसार जेल भेज दिया।
दहेज उत्पीडऩ के दो मामलों में तीन आरोपी काबू
कैथल। पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के दो मामलों में तीन आरोपी काबू कर लिए। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पहले मामले में पंजाब के समाना निवासी पति हरजीत सिंह तथा ससुर लखविंद्र सिंह को काबू कर लिया। पीड़िता ने बताया था कि उसकी शादी छह दिसंबर 2017 को हरजीत के साथ हुई थी। शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग प्रताड़ित करने लगे। थाना गुहला में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। दूसरे मामले में जिला जींद के बुढ़ायन निवासी आरोपी पति नरेश को काबू कर लिया। पीड़िता की शादी 20 मई 2013 को नरेश के साथ हुई थी। तभी से उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस ने दोनों मामलों में आगामी जांच शुरू कर दी है।
डोडा पोस्त बरामदगी मामले में सह आरोपी काबू
कैथल। पुलिस ने डोडा पोस्त बरामदगी मामले में सह आरोपी को काबू कर लिया। पुलिस ने डेरा बाजीगर चाणचक निवासी ओमप्रकाश उर्फ ओमा को काबू कर लिया। 19 अगस्त 2022 को स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीम ने थेह मुकेरिया गांव में चीका कैथल रोड पर स्थित अरमान होटल के पास नाकाबंदी कर कैथल की तरफ से आए कंटेनर को रुकवा कर बरटा निवासी आरोपी बलिंद्र को काबू किया गया था। जांच के दौरान कंटेनर में रखे तीन प्लास्टिक कट्टो से 56 किलो 500 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ था। थाना गुहला में यह मामला दर्ज किया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी बलिंद्र ने कबूला था कि उससे 50 किलो डोडोपोस्त ओमप्रकाश से मंगवाया था, जो उसने ओमप्रकाश को सप्लाई कर दिया था। आरोपी के कब्जे से 2000 रुपये की ड्रग मनी बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
चावल चोरी करने वाला आरोपी दबोचा
कैथल। पुलिस ने कैंटर से चावल चोरी करने वाले आरोपी डेरा भाग सिंह सिंह निवासी कैंटर चालक अजायब सिंह को दबोच लिया। पुलिस प्रवक्ता प्रदीप नैन ने बताया कि हुड्डा चीका निवासी राकेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह बावा एग्रो इंडस्ट्रीज राइस मिल का मालिक है। उसका मील खरका गुहला रोड पर है। उसने दो मार्च को उसके कैंटर में 80 कट्टे चावल लोड करके हरियाणा भंडारण निगम चीका यूनिट दो बदसुई रोड कल्लर माजरा भेजे थे। रास्ते में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उसके चावल के कट्टे चोरी कर लिए गए और सभी आरोपी वजन पूरा करने के लिए कैंटर में बैठे मिले। जांच के दौरान 10 कट्टे कम पाए गए तथा कैंटर चालक अजायब सिंह मौके से फरार हो गया था। थाना चीका में यह मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस नाबालिग सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस आरोपी से अभी पूछताछ कर रही है।
महिला के साथ अभद्रता का आरोप
कैथल। एक महिला के साथ अभद्रता करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पांच मार्च को आरोपी राजेंद्र व इंद्र ने उसके गांव में अभद्रता की। वह किसी को बताने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। सदर थाना में पुलिस ने मामले में आगामी जांच शुरू कर दी है।
मोटरसाइकिल चोरी, मामला दर्ज
कैथल। राजौंद से चोर मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सेरधा निवासी सलिंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चोर 16 मार्च को राजौंद से उसकी मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। आसपास कहीं पर उसको मोटरसाइकिल नहीं मिली है। पुलिस ने मामले में आगामी जांच शुरू कर दी है।