कैथल। होली के दिन दो समुदायों के बीच हुए विवाद में जानलेवा हमला करने वाले दो अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी न्यायिक हिरासत में भेज दिए गए। एसपी मकसूद अहमद ने बताया कि मामले में राजौंद निवासी आरोपी राज कुमार व प्रवीण दोनों को गिरफ्तार किया है।
बता दें कि राजौंद निवासी सागर की शिकायत के अनुसार 18 मार्च को शाम के समय वह और उसका भाई संदीप मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने खेत खेड़ी राय वाली से अपने गांव राजौंद आ रहे थे तो रास्ते में वाल्मीकि समाज के 20 से 25 व्यक्तियों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर उसके भाई संदीप पर लाठी, डंडे व गंडासियों से हमला करके घायल कर दिया था। उसी वक्त मौके पर पहुंचे उसके चाचा के लड़के जोगिंद्र व रवि पर भी कुछ व्यक्तियों ने हमला करके घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी दी थी।
तीनों घायलों को जिला अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां से तीनों को ज्यादा चोट होने के कारण कारण पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। इससे पहले पुलिस ने राजौंद निवासी मुंशी, रवि व विक्रम उर्फ बोना को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में आगामी जांच कर रही है।