संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। टास्क व रिव्यू कर रुपये कमाने का लालच देकर लाखों रुपये ठगी मामले में साइबर थाना की पुलिस ने दो आरोपी काबू किए। मामले में साइबर क्राइम पुलिस के एएसआई विनोद कुमार की टीम ने जांच करते हुए गांव करौली जिला फरीदाबाद निवासी आरोपी सन्नी व सुमित भाट्टी को गिरफ्तार किया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि राजेंद्र सेठ कॉलोनी कैथल निवासी रजत की शिकायत दी थी कि 24 अप्रैल को अज्ञात आरोपी ने उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में एड कर लिया। उसमें तीन गूगल मैप रिव्यू टास्क दिए गए, जिसे करने से 150 रुपये मिलने की बात कही गई। टास्क पूरा हो जाने के बाद स्क्रीन शॉट ग्रुप में ही शेयर करने थे। उसने टास्क पूरा करके स्क्रीन शॉट ग्रुप में शेयर कर दिए।
उसके बाद ग्रुप एडमिन उसे मैसेज करके उसकी डिटेल मांगी और एक पेमेंट कोड व एक टेलीग्राम लिंक दिया। इस लिंक पर क्लिक करने से आरुषि नाम से एक टेलीग्राम हैंडल से जुड़ गया। आरुषि ने स्वयं को बिजनेस मैनेजर बताया और उसे डिटेल कंफर्म करने के लिए कहा।
इसके बाद उसके खाते में 150 रुपये आ गए। ऐसे अलग-अलग रिव्यू करवाने और उसकी कमाई हुई पांच लाख रुपये राशि निकलवाने का बहाना बनाकर आरोपियों ने उसे चार लाख 73 हजार रुपये अपने खाते में डलवा लिए। बाद में उसे न तो कमाए हुए पैसे दिए और न ही उसके दिए हुए चार लाख 73 हजार रुपये वापस किए।
इस बारे में थाना साइबर क्राइम में मामला दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से 10 हजार रुपए बरामद किए गए। सोमवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में जेल भेजा दिया गया।