संवाद न्यूज़ एजेंसी
कैथल। इकनॉमिक सेल ने दो अलग-अलग मामलों में अमेरिका भेजने के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपियों को काबू किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव हरनामपुरा जिला जींद निवासी प्रतीक की शिकायत थी कि वह विदेश जाना चाहता था। इसके लिए उसने अपने ताऊ राजेश के साथ जाकर गांव बादड़ जिला पानीपत निवासी रोहताश से बातचीत की। रोहताश से उसे अमेरिका भेजने के लिए 38 लाख रुपये में बात तय हुई। इस पर आरोपी रोहताश ने उनके परिवारजनों से उसके दस्तावेज ले लिए। 17 जनवरी को रोहताश ने उसे दिल्ली से दुबई भिजवा दिया और 10 दिन बाद दुबई से नेपाल भिजवा दिया।
सात फरवरी को नेपाल में उसके पास आरोपी रोहताश की ओर से भेजा हुआ व्यक्ति आया और उसका पासपोर्ट ले लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर वहां से उसका अपहरण करवा दिया और जबरदस्ती घर पर संदेश भिजवाया कि वह मैक्सिको पहुंच गया है। आरोपियों ने उसके घर फोन किया कि आपका बेटा अमेरिका पहुंच गया है। यह कहकर आरोपियों ने उसके परिवार के सदस्यों को ग्रीन वैली होटल में क्योड़क के पास बुलाया। उसके परिवार ने आरोपियों को 35 लाख रुपये दे दिए।
आरोपियों ने उसके साथ-साथ अन्य कई लड़कों को भी नेपाल में बंधक बनाकर रखा हुआ था। बाद में नेपाल की पुलिस ने उनको बचाया और 24 फरवरी को वह अपने घर पर पहुंचा।
यहां आने के बाद जब उन्होंने आरोपियों से अपने रुपये वापस मांगे तो रोहताश ने केवल 99 हजार रुपये वापस दिए। बाकी रुपये मांगने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। रोहताश के साथ डोहर निवासी प्रवीन, ईश्वर, करनाल के गांव भोला खालसा निवासी अशोक व गांव बकनौर जिला अंबाला निवासी बजिंद्र भी मिले हुए थे।
पीड़ित के मुताबिक, पांचों आरोपियों ने मिलकर उसके साथ 34 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। थाना सदर में यह केस दर्ज कराया गया था। मामले की जांच इकनॉमिक सेल प्रभारी इंस्पेक्टर चंद्रभान की अगुवाई में एएसआई मनोज कुमार की टीम ने करते हुए आरोपी जिला करनाल के गांव भोला खालसा निवासी अशोक को काबू कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दूसरे मामले में गांव अटेला निवासी सज्जन कुमार की शिकायत के अनुसार, फ्यूचर हाइट इमिग्रेशन प्वाइंट कैथल के संचालक मोहित, गांव ढाचर निवासी कर्ण व क्योड़क निवासी अमित युवाओं को विदेश भेजने का काम करते हैं। वह अपने पोते देवेंद्र कुमार को अमेरिका भेजने के लिए आरोपियों से उनके कार्यालय में मिला। आरोपियों ने उसके पौते को विदेश भेजने के लिए 45 लाख रुपये मांगे और कहा कि पहले 10 लाख रुपये व पोते के जरूरी दस्तावेज जमा करवा दें।
आठ सितंबर 2023 उन्होंने रुपये व दस्तावेज ले लिए। उसके बाद और रुपये देने के लिए कहने लगे। बाद में उन्होंने उससे अलग-अलग समय में कुल 16 लाख 51 हजार रुपये ले लिए। उसके बाद भी आरोपियों ने उसके पोते को विदेश नहीं भेजा। उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे तो जान से मारने की धमकी दी गई।
थाना सदर में यह केस दर्ज कराया गया था। मामले की जांच इकनॉमिक सेल के पीएसआई संदीप कुमार की टीम ने करते अशोका कॉलोनी कैथल निवासी आरोपी मोहित को गिरफ्तार कर लिया।