पुलिस ने 2 तस्करों को एनडीपीए एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 79 डिब्बों से प्रतिबंधित ट्रामाडोल हाईड्रोक्लोराईड-100 और एल्प्राजोलम नामक 43,490 नशे की दवा बरामद की गई है। इसके अलावा पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त की जा रही दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं।
एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि एंटी नारकोटिक सैल प्रभारी इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने ढांड रोड पर सिल्वर ऑक स्कूल कैथल के पास से एक संदिग्ध युवक को काबू किया। उसकी पहचान नरेश कुमार निवासी गोयला खेड़ा जिला पानीपत के रुप में हुई। उससे नायब तहसीलदार कैथल ईश्वर सिंह की मौजूदगी में एक बैग से 18 डिब्बों से 10,800 एल्प्राजोलम 0.5 एमजी तथा दूसरे बैग में 34 डिब्बों से 17000 ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराईड-100 एमजी सहित कुल 27,800 गोलियां बरामद हुई। ड्रग कंट्रोलर ऑफिसर मंदीप मान ने ये गोलियां प्रतिबंधित बताईं। एसआई मनबीर सिंह ने थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज करके आरोपी को एनडीपीएस एक्ट तहत गिरफ्तार कर लिया।
एक अन्य मामले में थाना प्रबंधक ढांड इंस्पेक्टर राजेश कुमार की अगुवाई में एसआई धर्मपाल, एचसी सुशील कुमार, सिपाही मनीष तथा सिपाही पालाराम की टीम ने पीर वाली सड़क पबनावा के पास से संदिग्ध प्रवीन कुमार उर्फ बीना निवासी पबनावा को काबू कर लिया गया। नायब तहसीलदार ढांड सुभाष चंद्र की मौजूदगी में पिट्ठू बैग में रखे 23 डिब्बों से 13,740 प्रतिबंधित नशीली एल्प्राजोल 0.5 एमजी तथा 4 डिब्बों से 1950 प्रतिबंधित नशीली ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड-100 एमजी सहित 15690 गोलियां बरामद हुई। थाना ढांड में मामला दर्ज करके आरोपी को मौके पर पहुंचे चौकी पबनावा प्रभारी सबइंस्पेक्टर कश्मीर सिंह ने गिरफ्तार कर लिया।
340 ग्राम अफीम सहित तस्कर गिरफतार-एसटीएफ टीम द्वारा शाम के समय खरकां क्षेत्र से एक नशा तस्कर को 340 ग्राम अफीम समेत गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं एसटीएफ अंबाला के सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार की टीम ने संदिग्ध गुरचरण सिंह निवासी खरकां को काबू किया।