संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गांव रोहेड़ा के एक डेरे में साधु की हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को काबू कर लिया। इनमें पहले आरोपी जिला जींद के गांव मेहरड़ा निवासी प्रदीप उर्फ टिंकू को पानीपत से व दूसरे आरोपी गांव रिढाना जिला सोनीपत निवासी सोमबीर उर्फ सोम भारती को यूपी से काबू किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव पूठर जिला पानीपत निवासी मंदीप की शिकायत के अनुसार उनका पिता बलराज सिंह उर्फ बलवंत गिरी करीब एक साल पहले घरबार त्याग कर संन्यासी बन गया था। उसका पिता अक्सर उनसे फोन पर बात कर लिया करता था। 25 सितंबर को रात करीब आठ बजे उसके चाचा बिजेंद्र के पास कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि वह गांव रोहेड़ा जिला कैथल में नवांनाथ डेरे पर रह रहा है। बलवंत गिरी महाराज की नवांनाथ डेरा में किसी व्यक्ति ने गर्दन काटकर हत्या कर दी है।
सूचना पाकर वह अपने परिवार व रिश्तेदारों के साथ गांव रोहेड़ा के नवांनाथ डेरे में पहुंचा। वहां देखा कि उसके पिता की गर्दन पर तेजधार हथियार के निशान थे। शिकायतकर्ता के अनुसार रात को उसके पिता के पास शंकर गिरी का भांजा टिंकू व एक भारती संप्रदाय का बाबा रुके हुए थे। उन्होंने मिलकर डेरे में शराब पी और शराब पीने के बाद दोनों ने मिलकर लालचवश उसके पिता बलराज सिंह की लोहे के तवे के साथ गर्दन पर वार कर हत्या कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान उक्त हत्या की वारदात को अंजाम देना कबूल किया व कबूला कि उक्त दोनों आरोपियों ने मृतक के साथ शराब पी थी। शराब पीते वक्त किसी बात को लेकर उनकी आपस में कहासुनी हो गई, जिस वजह से उन दोनों ने मिलकर बलराज की हत्या कर दी। उक्त दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।