संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। साइबर क्राइम पुलिस ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को काबू किया है। दोनों को को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए पुलिस ने उन्हें दो दिन के रिमांड पर लिया है। दोनों आरोपी दिल्ली के रहने वाले हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हाबड़ी निवासी विचित्र सिंह ने शिकायत दी थी कि आठ जून 2024 को उसके पास अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया। उस व्यक्ति ने कहा कि वह इंडसइंड बैंक से बोल रहा है और उसके क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने की बात कही।
उसने हां कही तो आरोपी ने उसके पास एक लिंक भेज दिया। उसने उस पर क्लिक किया तो उसके क्रेडिट कार्ड से 59 हजार 974 रुपये कट गए।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने बैंक कर्मचारी बनकर व उसके क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर धोखाधड़ी की है। साइबर क्राइम थाने में यह मामला दर्ज कराया गया था।
मामले की जांच थाना साइबर क्राइम के एएसआई जसबीर सिंह की टीम ने करते हुए ज्वाला पुरी दिल्ली निवासी आरोपी नरेश व जेजे कॉलोनी मदीपुर दिल्ली निवासी जितेंद्र को दिल्ली से काबू कर लिया है। दोनों आरोपी शुक्रवार को अदालत में पेश किए गए, जहां से दोनों आरोपियों का व्यापक पूछताछ के लिए दो दिन पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।