संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अमेरिका से डिपोर्ट किए गए भारतीयों में हरियाणा के 34 लोगों में से सबसे अधिक लोग कैथल के निवासी हैं। ऐसे में वीरवार को भारतीय को डिपोर्ट करने पर लोगों ने प्रदर्शन किया और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पोस्टर जलाए गए। इस प्रदर्शन की अध्यक्षता गुरप्रीत सैनी ने की। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति पद पर ट्रंप की जीत पर कैथल में पोस्टर लगाए थे।
गुरप्रीत सैनी ने वीरवार को अमेरिका सरकार की ओर से डिपोर्ट किए गए भारतीयों को हथकड़ी लगाने पर रोष जताया। गौरतलब है कि गुरप्रीत सैनी ने पोस्टरों के माध्यम से संदेश दिया था कि ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दोस्ती से भारत-अमेरिका के रिश्ते मजबूत होंगे और भारतीयों को फायदा होगा, लेकिन अब ट्रंप सरकार ने भारतीयों को डिपोर्ट करने की कार्रवाई शुरू की है। उन्होंने बताया कि कैथल के युवाओं को अपराधियों की तरह हथकड़ियां लगाकर वापस भेजा। यह बहुत गलत है।