बलराज नगर निवासी एक ट्रक ड्राईवर और उसके क्लीनर को शनिवार की रात एक कार सवार युवकों ने अपहरण कर लिया। बाद में ड्राईवर की पत्नी को फोन करके एक लाख रुपये की फिरौती की मांग की। पुलिस ने सूचना मिलते ही मामले में त्वरित कार्रवाई की और अंबाला में ओवरब्रिज के नीचे से गाड़ी सहित तीन युवकों को काबू कर अपहृत दोनों को उनके चंगुल से मुक्त करवा लिया।
घटना के बारे में पुलिस को दी शिकायत में बलराज नगर निवासी प्रवीन कुमार ने बताया कि उसका भाई रोहताश अपने पड़ोसी विक्रम के साथ ट्रक पर बतौर क्लीनर काम करता है। ग्यारह जून को सायं एक कार में सवार होकर आए तीन चार लड़कों ने विक्रम को बाहर बुलाया। विक्रम अपने साथ उसके भाई रोहताश को भी ले गया। उसके बाद रात को विक्रम की पत्नी रजनी के मोबाइल पर विक्रम के मोबाइल से फोन आया कि विक्रम और रोहताश उक्त युवकों के कब्जे में हैं। उन्हें रिहा कराना है तो एक लाख रुपये दे दो। इसके बाद उन्होंने विक्रम से बातचीत करवाई तो विक्रम ने भी उन्हें एक लाख रुपये देने की बात कही। उन्होंने इस संबंध में पुलिस को सूचित किया।
एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की और सिविल लाइन पुलिस के सहायक उप निरीक्षक रामपाल की टीम ने बलदेव नगर अंबाला पुल के नीचे अपहृत किए गए दोनों युवकों को रिहा करवा लिया। पुलिस द्वारा पकड़े जाने के भय कारण आरोपी दोनों युवकों को उक्त सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद एएसआई रामपाल की टीम द्वारा आगामी जांच के दौरान ड्रेन पुल अंबाला रोड कैथल पर अंबाला साइड से काले रंग की क्रेटा गाड़ी में सवार होकर आ रहे आरोपी प्रदुमन और रवि कुमार दोनों निवासी नरवाना जिला जींद तथा संदीप निवासी कलायत को गिरफ्तार कर लिया। जिनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त उपरोक्त क्रेटा गाड़ी और एक डंडा पुलिस द्वारा जब्त करके आगामी जांच की जा रही है। अपहरण और फिरौती मांगने की वजह आरोपी रवि के ट्रक पर नियुक्त चालक विक्रम और परिचालक रोहताश के साथ किसी मामूली वजह कारण चल रहा विवाद बताया गया है। तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।