कैथल-कुरुक्षेत्र मार्ग पर गांव ग्योंग के पास सुबह सात बजे अंबाला-चंडीगढ़ रोड कैथल बाईपास की तरफ से आ रहे ट्रक चालक ने एक कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में कार चला रह युवक की मौत हो गई। वहीं कार में सवार एक महिला और उसकी दो सहेलियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिलाओं को कैथल के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां से चिकित्सकों ने हादसे में गंभीर रूप से घायल एक महिला को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया। वहीं दो महिलाओं को प्राथमिक इलाज के बाद हिसार में हायर सेंटर में इलाज के लिए भेज दिया। गाड़ी में सवार चारों लोग कुरुक्षेत्र जा रहे थे। इस दौरान चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मृतक के बड़े भाई गांव बालसमंद जिला हिसार निवासी सतेंद्र ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे तीन भाई हैं। इस समय वे बरवाला में रह रहे हैं और वहां पर वीटा की एजेंसी लेकर दूध का कारोबार करते हैं। आठ दिसंबर सुबह पांच बजे उसका सबसे छोटा भाई 37 वर्षीय जितेंद्र उसकी पत्नी राजपति का सी-टेट का पेपर दिलाने के लिए कुरुक्षेत्र जा रहा था, जो साढ़े नौ बजे सुबह होना था। इस दौरान राजपति की सहेली हिना व अंकिता भी कुरुक्षेत्र में पेपर का सेंटर होने के कारण उनके साथ थी। सुबह करीब सात बजे ढांड-कुरुक्षेत्र रोड पर बने फ्लाई ओवर के नजदीक गांव ग्योंग के पास अंबाला रोड कैथल बाईपास की तरफ से आ रहे अज्ञात ट्रक चालक ने जितेंद्र की गाड़ी में सीधी टक्कर मार दी। इसके बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इस हादसे में उसके भाई की मौत हो गई और तीनों महिलाओं को गंभीर चोटें लगी। अंकिंता को ज्यादा चोट होने के कारण चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया और हिना व राजपति को हिसार भेजा गया। तीनों महिलाएं निजी स्कूलों में टीचर हैं। सदर थाना एसएचओ ललित मोहन ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई की शिकायत पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ा जाएगा।
परिजनों ने की पेपर को होम जिले में करवाने की मांग
अस्पताल में पहुंचे मृतक के परिजनों ने मांग की कि इस प्रकार की परीक्षाएं होम जिले में ही करवाई जाएं, ताकि परीक्षार्थियों को बाहर न भटकना पड़े। इसके साथ-साथ उन्होंने यह भी कहा कि जिस मार्ग पर यह दुर्घटना हुई है, उसे वहां पर केवल एक तरफ से चालू किया गया है। यह भी हादसे होने का एक बड़ा कारण है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रोड को दोनों तरफ से शुरू करवाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मृतक का एक सात-आठ वर्ष का बेटा भी है।