ढांड। पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए बाबू अनन्त राम जनता महाविद्यालय, कौल ने 21 से 27 जुलाई तक सात दिवसीय पौधरोपण अभियान का सफल आयोजन किया। प्रबंध समिति के अध्यक्ष चौधरी तेजवीर सिंह की प्रेरणा और प्राचार्य डॉ. ऋषिपाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के दौरान महाविद्यालय परिसर व आसपास कुल 765 फलदार, फूलदार और औषधीय पौधों का रोपण किया गया। पूरे सप्ताह महाविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्राचार्य डॉ. ऋषिपाल ने कहा कि वृक्षरोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।