शिविर में रक्तदान करते एसडीएम मनीष कुमार यादव।
गुहला-चीका। न्यायालय परिसर में गुहला बार एसोसिएशन और नेकी का घर संस्था के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश अक्षय चौधरी और एसडीएम मनीष कुमार यादव मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान एसडीएम मनीष कुमार यादव और नायब तहसीलदार बलराज मलिक ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश अक्षय चौधरी ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। स्वेच्छा से किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। एसडीएम मनीष कुमार यादव ने कहा कि एक यूनिट रक्त कई मरीजों के लिए नई जिंदगी का सहारा बन सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एसडीएम को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रीति सिंगला ने बताया कि नागरिक अस्पताल की टीम की देखरेख में आयोजित शिविर में कुल 59 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। सभी रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र, पौधे और रिफ्रेशमेंट प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जूनियर सिविल जज राजविंद्र सिंह, बार एसोसिएशन के प्रधान शुभम गर्ग, डॉ. जसवीर सिंह, प्रदीप वर्मा और डॉ. अमन बंसल मौजूद रहे।
शिविर में रक्तदान करते एसडीएम मनीष कुमार यादव।