संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आयुष्मान भारत और चिरायु आयुष्मान हरियाणा योजना पात्र परिवारों के लिए निशुल्क उपचार में मददगार साबित हो रही है। डीसी प्रीति ने बताया कि प्रधानमंत्री की ओर से देशवासियों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के मद्देनजर आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का शुभारंभ किया गया था।
गौरतलब है कि आयुष्मान भारत योजना में पांच लाख तक का सालाना लाभ लाभार्थी परिवार को दिया जाता है। यह चिकित्सा लाभ बिल्कुल कैशलेस और पेपरलेस है, जिसमें लाभार्थी अपना आयुष्मान कार्ड दिखाकर पैनल वाले अस्पताल में अपना इलाज करवा सकता है। इस योजना में द्वितीय एवं तृतीय श्रेणी की चिकित्सा सुविधा शामिल की गई है।
इसी कड़ी के जुड़ाव में हरियाणा सरकार द्वारा चिरायु आयुष्मान हरियाणा योजना का शुभारंभ नवंबर 2022 में किया गया था। इस योजना के अंतर्गत वार्षिक आय एक लाख 80 हजार से नीचे वेरीफाइड इनकम वाले परिवारों को इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभार्थी बनाया गया है जिसमें वेरीफाइड इनकम परिवारों का डाटाबेस नेशनल हेल्थ एजेंसी की ओर से कंज्यूम किया जाता है। वहीं एक लाख 80 हजार से तीन लाख रुपये वार्षिक आय वाले परिवार केवल 1500 रुपये प्रीमियम की अदायगी के साथ योजना का लाभ ले सकते हैं।
ऐसे परिवारों को प्रति वर्ष प्रीमियम की राशि का भुगतान करते हुए कार्ड का नवीनीकरण कराना होगा। इस योजना के लिए https://chirayuayushmanharyana.in/ पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि लाभार्थी परिवार अपना आयुष्मान कार्ड स्वयं भी बना सकता है जिसके लिए https://chirayuayushmanharyana.in/ ऐप लिंक पर जाकर लॉगिन कर अपने ही मोबाइल में अपना आयुष्मान कार्ड घर बैठे बन सकता है। पात्र लाभार्थी को कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र और आधार कार्ड से अटैच मोबाइल साथ लाना जरूरी है। यह सुविधा अटल सेवा केंद्रों पर भी उपलब्ध है।
गौरतलब है कि सिरसा में आयोजित संत सरसाई नाथ राजकीय मेडिकल कॉलेज के भूमि पूजन के दौरान योजना के तहत इलाज की रकम 10 लाख रुपये तक करने की बात कही थी।