संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जनगणना 2027 के लिए वीरवार से तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। मास्टर ट्रेनरों द्वारा जनगणना 2027 के निर्धारित मानकों के अनुरूप विस्तृत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें मकान सूचीकरण, परिवार विवरण, डिजिटल डाटा संकलन, मोबाइल एप का उपयोग और फील्ड में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों से निपटने के तरीके शामिल हैं।
डीसी अपराजिता ने कहा कि जनगणना अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, जिसके आधार पर सरकार की नीतियां और विकास योजनाएं तय होती हैं। उन्होंने कहा कि फील्ड ट्रेनर की भूमिका बेहद अहम है, क्योंकि यही प्रशिक्षक आगे प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। उनका कहना था कि प्रशिक्षण जनगणना के लिए निर्णायक साबित होगा। इस अवसर पर डीआरओ चंद्रमोहन, जिला सांख्यिकी अधिकारी निर्मल और मास्टर ट्रेनर प्रो. जसपाल मलिक भी मौजूद रहे।
जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य 1 मई 2026 से 30 मई 2026 तक किया जाएगा। इससे पूर्व 16 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक नागरिकों को ‘जनगणना पोर्टल’ के माध्यम से ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे लोग स्वयं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। -निर्मल, जिला सांख्यिकी अधिकारी