संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। निपुण हरियाणा मिशन के तहत जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में जिला परियोजना क्रियान्वयन इकाई की मासिक समीक्षा बैठक हुई। इसमें बाल वाटिका तीन के प्राथमिक अध्यापकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू करने पर चर्चा की।
इस मौके पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सरोज कुमारी दहिया ने बताया यह प्रशिक्षण बालवाटिका -तीन को पढ़ाने वाले नॉन मॉडल संस्कृति विद्यालयों के अध्यापकों के लिए 25 से 29 नवंबर तक खंड संसाधन केंद्रों पर एवं मॉडल संस्कृति विद्यालयों के अध्यापकों के लिए दो से छह दिसंबर तक जिला स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य अध्यापकों का क्षमतावर्धन करना है। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, खंड संसाधन संयोजकों एवं सभी मेंटर को निर्देशित किया कि वे सभी प्रशिक्षण केंद्रों पर प्रशिक्षण सामग्री, अध्यापकों के बैठने की व्यवस्था, रिफ्रेशमेंट आदि का समूचित प्रबंधन करना सुनिश्चित करेंगे।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सरोज कुमारी दहिया ने यह भी कहा कि सभी खंड शिक्षा अधिकारी अपने तहत आने वाले सभी विद्यालयों में निपुण हरियाणा मिशन के तहत बच्चों के दक्षता कौशल संवर्धन के लिए कार्य करें और संघर्षरत बच्चों के उपचारात्मक शिक्षण पर विशेष ध्यान दें।
जिला निपुण समन्वयक नरेश कुमार ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बच्चे कैसे सीखते हैं। पंचकोष विकास व गतिविधि आधारित शिक्षण के साथ-साथ अभिभावकों व समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने बारे अध्यापकों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी, सभी बीईओ, बीआरसी, सभी एपीसी, जिला उल्लास समन्वयक व मेंटर्स उपस्थित मौजूद रहे।