कैथल। जिले की अनाज मंडियों में इन दिनों बासमती धान की आवक बढ़ गई है। शहर की अतिरिक्त और नई मंडी में लगभग जाम जैसे हालात हैं जिससे उठान के लिए आ रही गाड़ियों को निकलने में ज्यादा समय लग रहा है। हालांकि पीआर धान की सरकारी खरीद और उठान का काम तेज गति से चल रहा है लेकिन मंडियों में वाहनों के भारी दबाव के कारण व्यवस्था चरमरा गई है।
जिले की मुख्य अनाज मंडी समेत अन्य खरीद केंद्रों पर बासमती किस्म की आवक तेज हो गई है। निजी खरीदारों की ओर से बासमती की बड़े पैमाने पर खरीद की जा रही है लेकिन मंडियों में सुचारू प्रबंधन न होने से ट्रकों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतारें लग रही हैं। मंडी प्रधान रघबीर मलिक का कहना है कि जो गाड़ियां पीआर धान का उठान करने के लिए मंडियों में प्रवेश कर रही हैं, उन्हें भीड़ के कारण बाहर निकलने में एक से दो घंटे का समय लग रहा है। इससे उठान की रफ्तार पर भी असर पड़ रहा है और आढ़तियों को अपनी ढेरियां संभालने में परेशानी आ रही है।
पीआर धान की खरीद और उठान के आंकड़े
• धान की कुल आवक : जिले की विभिन्न मंडियों में अब तक कुल 7.98 लाख मीट्रिक टन पीआर धान की आवक हो चुकी है।
• सरकारी खरीद : कुल आवक में से विभिन्न सरकारी एजेंसियों की ओर से 7.31 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है।
• उठान की स्थिति : खरीदी गई फसल में से 6.45 लाख मीट्रिक टन धान का मंडियों से उठान कर गोदामों व मिलों में भेजा जा चुका है।
• उठान का प्रतिशत : प्रशासन अब तक कुल खरीदी गई फसल का रिकॉर्ड 88.2 प्रतिशत उठान पूरा कर चुका है, जो पिछले साल के मुकाबले बेहतर है।
77 हजार से अधिक किसानों को मिला भुगतान
खरीद प्रक्रिया के साथ-साथ सरकार की ओर से किसानों के खातों में सीधी अदायगी का काम भी तेज कर दिया गया है। जिले में अब तक 77,079 किसानों को उनकी फसल का 1536 करोड़ रुपये का भुगतान सीधे बैंक खातों में जारी किया जा चुका है। हालांकि कुछ किसान अभी अदायगी के इंतजार में हैं।
शहर की नई मंडी में बाहर तक आई बासमती धान की ढेरियां। संवाद