संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मंगलवार को संसद परिसर के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए अमेरिका के साथ हुई हालिया ट्रेड डील को देश के किसानों और खेत मजदूरों के हितों के खिलाफ बताया। उन्होंने इसे भारतीय कृषि व्यवस्था पर सीधा हमला करार देते हुए भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
सुरजेवाला ने कहा कि पहले तीन काले कृषि कानूनों के जरिए खेती को कार्पोरेट के हवाले करने की कोशिश की गई और अब अमेरिका के साथ ट्रेड डील के जरिए अमेरिकी कृषि उत्पादों को जीरो ड्यूटी पर भारत लाकर भारतीय किसानों को बर्बाद करने की साजिश रची जा रही है।
उन्होंने कहा कि यह देश के अन्नदाता के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और वहां की कृषि मंत्री ब्रूक रॉलिन्स के बयानों से यह साफ हो गया है कि इस समझौते के तहत भारत अपने बाजार को अमेरिकी कृषि उत्पादों के लिए खोलने जा रहा है। इससे भारतीय किसानों की रोजी-रोटी पर गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। सुरजेवाला ने कहा कि संसद का सत्र चल रहा है, लेकिन सरकार इस पर कोई जवाब देने को तैयार नहीं है।