संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन/कैथल। सीवन खंड के प्रभोत गांव में शनिवार को एक किसान ने अपने खेतों में लगाई गई गोभी की खड़ी फसल पर ट्रैक्टर चला दिया।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से सब्जी मंडी में गोभी की फसल के दाम महज तीन से पांच रुपये किलो ही मिल रहे हैं। ऐसे में किसानों को मंदी की मार झेलनी पड़ रही है।
प्रभोत गांव के किसान हरविंद्र सिंह व कुलदीप सिंह ने बताया कि एक तरफ तो सरकार किसानों को गेहूं व धान की बजाय सब्जियों की फसल लगाने पर जोर दे रही है परंतु दूसरी तरफ जब फसल तैयार हो जाती है तो उसका उचित भाव भी नहीं मिल पाता है।
उन्होंने बताया कि इस समय गोभी की फसल का दिवाला पीट चुका है। ऐसे में यह महज दो से तीन रुपये प्रति किलो में थोक के भाव में बिक रही है। उसे इस फसल को उगाने के लिए प्रति एकड़ करीब 50 हजार रुपये खर्च किए, परंतु जब मंडी में बेचने गए तो इस दाम एक रुपया भी नहीं मिला। 30 किलो के थैले का रेट 20 रुपये मिला।
इन किसानों ने सरकार से अपील की कि फसलों के रेट सही दिए जाएं। खेती को घाटे से बचाने के लिए किसानों का सहयोग करे।