जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में आज वोट के माध्यम से सात लाख 62 हजार 867 मतदाता 57 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। एक ओर जहां प्रत्याशियों ने मतदाताओं को अपने समर्थन में लाने के लिए ताकत झोंकी हुई है, वहीं मतदाताओं में भी चुनावों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। जहां मतदाता प्रत्याशियों के व्यवहार को लेकर चर्चाएं कर रहे हैं, वहीं प्रत्याशियों की राजनीतिक विरासत और क्षेत्र में करवाए गए कार्यों की चर्चा कर रहे हैं। आज जिले के मतदाता ये तय कर देंगे कि अगले पांच वर्ष के लिए कौन सा प्रत्याशी क्षेत्र के लिए सही और किसे जिले की सत्ता सौंपी जाए।
तीन लाख 55 हजार 703 महिला मतदाता करेंगी मतदान : जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में तीन लाख 55 हजार 703 महिला मतदाता हैं और चार लाख सात हजार 458 पुरुष मतदाता हैं। इसके अलावा 2616 सर्विस वोटर और छह ट्रांसजेंडर वोटर भी मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे। विधानसभा क्षेत्रों में स्थापित किए गए 797 बूथों पर वोट डालकर मतदाता अपने चहेते उम्मीदवार को चुनेंगे।
मतदान शुरू करवाने से पहले होगा मॉक पोल : 21 अक्टूबर की सुबह पांच बजे बूथों पर पुलिस कर्मचारी तैनात हो जाएंगे, जहां पर चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों और अधिकारियों द्वारा सुबह मॉक पोल करवाया जाएगा। इसके ठीक एक घंटे बाद सात बजे मतदान प्रक्रिया आरंभ हो जाएगी, जोकि शाम छह बजे तक चलेगी। छह बजे के बाद चुनाव परिसर में किसी के प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी, हां छह बजे तक मतदान के लिए लाइन में लग चुके मतदाताओं को वोटिंग करवाई करवाई जाएगी।
डीसी डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें। खुद भी वोट डालें और अपने आसपास के मतदाताओं को भी वोट के लिए प्रेरित करें। लोकतंत्र के इस महापर्व में जिलावासी बढ़-चढ़कर भाग लें।